देहरादून। ऑपरेशन प्रहार के तहत देहरादून पुलिस ने वाहन चोरी के एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की गई 7 रॉयल इनफील्ड बुलेट समेत कुल 13 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी सुनियोजित तरीके से रेकी करने के बाद सुनसान स्थानों पर खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे।
कोतवाली पटेलनगर में बुलेट मोटरसाइकिल चोरी की दो घटनाओं के संबंध में मुकदमे दर्ज होने के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल रहे संदिग्धों का सत्यापन किया।
पुलिस के मुताबिक 10 अगस्त 2026 को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर हरिद्वार बाईपास रोड स्थित कबाड़ी बाजार के पास नव निर्मित सड़क से दो संदिग्धों को चोरी की दो बुलेट मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने देहरादून के अलग-अलग क्षेत्रों से कई बुलेट और अन्य दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पांच अन्य बुलेट समेत कुल 13 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए।


नंबर प्लेट हटाकर करते थे चोरी के वाहनों का इस्तेमाल


पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पहले अलग-अलग इलाकों में घूमकर सुनसान स्थानों पर खड़े दोपहिया वाहनों को चिन्हित करते थे। मौका मिलते ही वाहनों को चोरी कर उनकी नंबर प्लेट हटा देते थे। इसके बाद पुलिस से बचने के लिए गली-मोहल्लों के रास्ते चोरी के वाहनों को पहले से चिन्हित स्थानों पर खड़ा कर दिया जाता था।
आरोपी अपने खर्चों की पूर्ति के लिए चोरी के वाहनों को नंबर प्लेट हटाकर अपने परिचितों को किराये पर भी देते थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों की योजना चोरी किए गए सभी वाहनों को देहरादून से बाहर ले जाकर बेचने की थी और इसके लिए वे ग्राहकों की तलाश कर रहे थे।
पूछताछ में आरोपियों ने दो अन्य चोरी के दोपहिया वाहनों के संबंध में भी जानकारी दी है। इनमें एक रॉयल इनफील्ड मोटरसाइकिल थाना श्यामपुर, हरिद्वार और एक अन्य वाहन पानीपत, हरियाणा में पुलिस द्वारा सीज किया जाना बताया गया है। दोनों वाहनों की बरामदगी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है।

गिरफ्तार आरोपी:

विवेक सिंह विश्नोई, पुत्र धनवीर सिंह विश्नोई, निवासी लखेड़ा टेंट हाउस के पास, श्यामपुर कांगड़ी, थाना श्यामपुर, जिला हरिद्वार, उम्र 23 वर्ष।
गुरप्रीत सिंह, पुत्र कुलवंत सिंह, निवासी ग्राम टाटवाला, श्यामपुर कांगड़ी, थाना श्यामपुर, जिला हरिद्वार, उम्र 20 वर्ष।


बरामद वाहन:
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर निम्न वाहन बरामद किए हैं—
बुलेट 350, वाहन संख्या UK-07-DX-2536
बुलेट 350, काले रंग की, वाहन संख्या UK-07-FJ-9383
बुलेट स्टैंडर्ड 350, काले रंग की
बुलेट क्लासिक 350, सिल्वर रंग की
बुलेट स्टैंडर्ड 500, काले रंग की
बुलेट स्टैंडर्ड 350, काले रंग की
बुलेट स्टैंडर्ड 350, काले रंग की
सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी, बिना नंबर प्लेट
काले रंग की एक्टिवा स्कूटी, बिना नंबर प्लेट
ग्रे रंग की एक्टिवा स्कूटी, बिना नंबर प्लेट
काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, बिना नंबर प्लेट
काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, बिना नंबर प्लेट
लाल रंग की सिटी 100 मोटरसाइकिल, बिना नंबर प्लेट
बरामद वाहनों में से कई वाहन कोतवाली पटेलनगर, कोतवाली नगर, थाना क्लेमेंट टाउन और थाना नेहरू कॉलोनी में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से संबंधित पाए गए हैं।


पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये का पुरस्कार:


वाहन चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी देहरादून की ओर से ढाई हजार रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।


पुलिस टीम:-


निरीक्षक विनोद सिंह गुसाईं, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पटेलनगर
वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रमोद शाह, कोतवाली पटेलनगर
उपनिरीक्षक प्रवीण पुंडीर, चौकी प्रभारी बाजार
उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, चौकी प्रभारी आईएसबीटी
उपनिरीक्षक विनय मित्तल
हेड कांस्टेबल मनोज कुमार
कांस्टेबल बृजमोहन सिंह रावत
कांस्टेबल कैलाश पंवार
कांस्टेबल आबिद अली
कांस्टेबल राहुल कुमार
हेड कांस्टेबल किरन कुमार, एसओजी नगर


By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार