विकासनगर। मुख्यमंत्री ट्रॉफी दिव्यांग जन खेल महाकुंभ-2026 के तहत 23 और 24 अक्टूबर को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम, देहरादून में आयोजित प्रतियोगिता में विकासनगर क्षेत्र के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में ग्राम एटनबाग स्थित कम्युनिटी होम की महिलाओं ने भी अपनी खेल प्रतिभा का परिचय देते हुए पदक हासिल किए।

प्रतियोगिता में एटनबाग निवासी मीरा कुमारी ने जैवलिन थ्रो और डिस्कस थ्रो में दो रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। मीरा कुमारी अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभाग कर चुकी हैं। वहीं, रसूलपुर निवासी सूरज ने जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक, भीमावाला निवासी वरुण ने स्वर्ण पदक और तिमली निवासी इंतजार ने जैवलिन थ्रो में रजत पदक हासिल किया। बाबूगढ़ निवासी मयंक नेगी ने 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र को गौरवान्वित किया।

ग्राम एटनबाग स्थित कम्युनिटी होम की महिलाओं ने भी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ में प्रेमा ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक, जबकि बबीता ने तृतीय स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर आयोजित सम्मान कार्यक्रम में लेहमन अस्पताल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. मैथ्यू ने मीरा कुमारी सहित सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया और उनके प्रयासों की सराहना की।

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष श्री संजय जैन और सामाजिक कार्यकर्ता करुणा यादव ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी पदक विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यदि खिलाड़ियों को उचित अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाए, तो वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।

इन खिलाड़ियों की सफलता ने एक बार फिर साबित किया कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और अवसर मिलने पर दिव्यांग खिलाड़ी भी खेल के मैदान में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार