अमेरिकन एक्सप्रेस लीडरशिप अकादमी, एशिया-प्रशांत 2026 के लिए हुआ चयन, भारत से चुने गए 13 प्रतिभागियों में शामिल

विकासनगर। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहे विकासनगर निवासी श्रेय रावत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। गैर-लाभकारी शैक्षणिक संस्था सुराह (SURAAH) के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रेय रावत का प्रतिष्ठित अमेरिकन एक्सप्रेस लीडरशिप अकादमी, एशिया-प्रशांत 2026 के लिए चयन हुआ है। एशिया-प्रशांत क्षेत्र के 16 देशों एवं क्षेत्रों से चुने गए 80 गैर-लाभकारी संगठनों के प्रमुखों में उन्होंने जगह बनाई है। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए भारत से केवल 13 प्रतिभागियों का चयन हुआ है।

अमेरिकन एक्सप्रेस फाउंडेशन के वित्तपोषण और अंतरराष्ट्रीय संस्था कॉमन पर्पज के संचालन में आयोजित यह छह माह का नेतृत्व विकास कार्यक्रम अक्टूबर 2026 से अप्रैल 2027 तक चलेगा। इसके तहत 10 से 13 नवंबर तक जापान की राजधानी टोक्यो में चार दिवसीय विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न देशों के सामाजिक क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ नेतृत्व विकास, नवाचार, वैश्विक सहयोग, साझेदारी, प्रभावशाली संवाद और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के उपयोग जैसे विषयों पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों को व्यक्तिगत नेतृत्व मूल्यांकन और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी दिया गया।

पहाड़ों में शिक्षा की नई अलख जगा रही है सुराह

श्रेय रावत ने वर्ष 2023 में अपनी पत्नी ज्योति रावत के साथ मिलकर सुराह संस्था की स्थापना की थी। संस्था का नाम उनके दादाजी स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह रावत के नाम पर रखा गया है, जिन्हें क्षेत्र में समाज सुधारक के रूप में ‘सुराह जी’ के नाम से जाना जाता था।

संस्था का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और संसाधनों की कमी से जूझ रहे विद्यालयों को आधुनिक, आनंदमय एवं प्रयोगात्मक शिक्षण केंद्रों के रूप में विकसित करना है। इसके माध्यम से पहाड़ के बच्चों को उनके गांव और आसपास ही बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए परिवारों को शहरों की ओर पलायन न करना पड़े।

वर्तमान में संस्था देहरादून के काटापत्थर स्थित महाराज कुमार जगत शमशेर मेमोरियल स्कूल और टिहरी गढ़वाल के गूलर डोगी स्थित बिशंबर दत्त मेमोरियल स्कूल में काम कर रही है। दोनों विद्यालयों में कुल 286 बच्चे अध्ययनरत हैं।

सुराह की शिक्षण पद्धति हेड, हार्ट और हैंड्स यानी सोचने-समझने की क्षमता, संवेदनशीलता और व्यावहारिक कौशल के विकास पर आधारित है। स्थानीय संस्कृति, प्रकृति और जीवन से जोड़कर बच्चों को शिक्षा देने पर विशेष जोर दिया जाता है। संस्था के पहले विद्यालय में वर्ष 2025-26 के दौरान बच्चों की पठन-बोध दक्षता 48 प्रतिशत से बढ़कर 64 प्रतिशत तक पहुंच गई।

शिक्षा सुधार के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव

सुराह की स्थापना से पहले भी श्रेय रावत शिक्षा सुधार के क्षेत्र में एक दशक से अधिक समय तक सक्रिय रहे हैं। उन्होंने टीच फॉर इंडिया फेलो के रूप में अपने कार्य की शुरुआत की। इसके बाद 350 सरकारी विद्यालयों से जुड़ी जिला स्तरीय टीम और बुनियादी साक्षरता कार्यक्रम का नेतृत्व किया। वह सेंट्रल स्क्वायर फाउंडेशन के साथ भी कार्य कर चुके हैं।

सुराह के अभिनव शैक्षणिक प्रयासों को द हिंदू, इंडियन एक्सप्रेस, एएनआई, दूरदर्शन और द बेटर इंडिया सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है। बेल्जियम की प्रतिष्ठित पत्रिका MO* ने भी वर्ष 2026 के अपने शिक्षा विशेषांक में संस्था के कार्यों को स्थान दिया है।

श्रेय रावत का अंतरराष्ट्रीय नेतृत्व कार्यक्रम के लिए चयन विकासनगर ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। यह उपलब्धि बताती है कि पहाड़ों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए स्थानीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों को अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी पहचान मिल रही है। उनका चयन उत्तराखंड के युवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार के माध्यम से बदलाव लाने का प्रयास कर रहे लोगों के लिए भी प्रेरणादायक है।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार