थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनेगा उप जिला चिकित्सालय, क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं

टिहरी गढ़वाल। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ₹52.55 करोड़ की लागत वाली 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹30.50 करोड़ से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹22.04 करोड़ से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ युवाओं को खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री ने टिहरी झील एवं आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि लगभग ₹1300 करोड़ की लागत से विशेष पर्यटक क्षेत्र विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। पर्यटन, कृषि, उद्यानिकी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण की स्वीकृति, पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए ₹273 लाख तथा भवन बाजार के आबादी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए ₹4.72 करोड़ की स्वीकृति शामिल है। इसके साथ ही थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कृषि एवं उद्यानिकी के क्षेत्र में नवाचार करने वाले प्रगतिशील कृषक श्री कबूल चंद पुंडीर के प्रयासों की सराहना की। वहीं गढ़वाली भाषा में रामायण एवं महाभारत के अनुवाद के माध्यम से लोकभाषा एवं साहित्य के संरक्षण में योगदान के लिए साहित्यकार श्री देवेन्द्र प्रसाद चमोली को ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास के साथ लोक संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण करते हुए उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार