नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मिले मुख्यमंत्री धामी, राज्य के विकास संबंधी विषयों पर हुई चर्चा
नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच उत्तराखंड के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में राज्य के समग्र विकास, आधारभूत संरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाने, सीमांत क्षेत्रों के विकास, पर्यटन क्षेत्र के विस्तार, निवेश को प्रोत्साहन देने तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री को राज्य सरकार द्वारा संचालित प्रमुख विकास परियोजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति से भी अवगत कराया।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने राज्य के विकास और जनकल्याण के लिए केंद्र सरकार से प्राप्त सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह समर्थन प्रदेश की प्रगति को नई गति प्रदान कर रहा है।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने उत्तराखंड सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की तथा राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रदेश के विकास को और गति देने के लिए आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
