विकासनगर। SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं के नाम पर गलत तरीके से आपत्तियां दर्ज किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने विकासनगर तहसील में प्रदर्शन किया। शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पूर्व कैबिनेट मंत्री नव प्रभात के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस के रूप में तहसील पहुंचे और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री नव प्रभात ने कहा कि आज आम जनता को अपना मत बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया में अपने मत को सुरक्षित कर चुके हजारों लोगों के नाम पर पार्टी विशेष के एजेंटों द्वारा आपत्तियां दर्ज कर उन्हें परेशान किया जा रहा है।


नव प्रभात ने कहा कि कांग्रेस सही मतदाताओं के अधिकारों के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि आज का आंदोलन केवल शुरुआत है। यदि सही लोगों के नाम पर दर्ज आपत्तियों की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और गलत तरीके से आपत्ति दर्ज कराने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस आंदोलन को और व्यापक करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


उन्होंने प्रशासन से मांग की कि SIR प्रक्रिया में सामने आई आपत्तियों पर निष्पक्ष तरीके से सुनवाई की जाए और किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटने न दिया जाए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर ने कहा कि सरकार के दबाव में कार्रवाई किए जाने की आशंका है। उन्होंने कहा कि सही मतदाताओं के मतदान के अधिकार को बचाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता हर स्तर पर संघर्ष करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर प्रभावित लोगों की मदद करने का आह्वान किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष संजय जैन ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई अभी शुरू हुई है। यदि सरकार ने उचित निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकास शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गांधीवादी विचारधारा में विश्वास रखती है और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करती है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि जनता के अधिकारों के खिलाफ हो रहे किसी भी मामले पर चुप बैठा जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष धीरज नौटियाल, ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, हरबर्टपुर अध्यक्ष आशीष पुंडीर, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष पूनम सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार