विकासनगर। शहर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी विकासनगर के संयुक्त तत्वावधान में ऐतिहासिक तिलक भवन में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने राजीव गांधी के साथ बिताए समय को स्मरण करते हुए कहा कि उनकी पारदर्शी एवं दूरदर्शी सोच आज भी देश के सामने उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर क्रांति को बढ़ावा देने और 18 वर्ष के युवाओं को मतदान का अधिकार देने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय राजीव गांधी की दूरदृष्टि का परिणाम थे। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की सोच के कारण भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आत्मविश्वास के साथ अपनी पहचान बनाई। आज की सरकार को भी उनकी दूरदर्शी सोच से प्रेरणा लेनी चाहिए।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर ने कहा कि राजीव गांधी प्रत्येक समुदाय को साथ लेकर चलने वाले नेता थे। उन्होंने कभी लोगों के बीच मतभेद पैदा करने की राजनीति नहीं की, बल्कि हमेशा भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राजीव गांधी के बताए मार्ग पर चलकर देश में अमन-चैन और भाईचारे को मजबूत करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की पारदर्शी सोच और युवाओं के प्रति उनकी सकारात्मक दृष्टि आज भी नई पीढ़ी को ऊर्जा प्रदान करती है।

कार्यक्रम में नगर पालिका विकासनगर के अध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल, अतुल शर्मा, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, सदाकत अली जैदी, सोमेंद्र टंडन, अभिनव ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष मुनीर अहमद, केके गौतम, जिला महामंत्री राजीव शर्मा, देवानंद पासी, व्यापारी नेता अंकित कंसल, केवल राम आजाद, विनोद रावत, अनुपम कपिल, ईलम चंद मुल्तानी, सुबोध वर्मा, सजल अग्रवाल, इस्लाम इंजीनियर, दुलीचंद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सेवादल अध्यक्ष भवन पंत एवं विनोद रावत ने अपनी कविताओं के माध्यम से राजीव गांधी के जीवन, व्यक्तित्व और देश के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार