देहरादून। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस ने चोरी की घटनाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भागवत कथा आयोजनों में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन चोरी करने वाले पंजाब के अंतरराज्यीय समाना गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह की दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन सोने की चेन, 10 हजार रुपये की नकदी, चेन काटने वाला कटर और घटना में प्रयुक्त होंडा सिटी कार बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र के जीएमएस रोड स्थित एक होटल में आयोजित भागवत कथा के दौरान चार महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र चोरी होने की घटनाएं सामने आई थीं। पीड़ित महिलाओं की तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में चोरी के तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी और घटनाओं के खुलासे के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पीड़ित महिलाओं तथा मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों का हुलिया जुटाया। साथ ही पूर्व में इस तरह की घटनाओं में शामिल आरोपियों की जानकारी जुटाई गई।
जांच के दौरान पुलिस को इन घटनाओं में पंजाब के पटियाला के चर्चित चेन चोर गैंग के शामिल होने की जानकारी मिली। पुलिस ने गिरोह के संबंध में गोपनीय तरीके से जानकारी जुटाते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 19 अगस्त को सूचना मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य दोबारा देहरादून आए हैं और किसी अन्य घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना पर पुलिस ने हरिद्वार बाईपास रोड पर सघन चेकिंग अभियान चलाया और गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन पीली धातु की चेन और अन्य सामान बरामद हुआ।
सोशल मीडिया से तलाशते थे भागवत कथा के आयोजन
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मूल रूप से पंजाब के पटियाला जिले के समाना गांव के रहने वाले हैं। गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर आयोजित होने वाली भागवत कथाओं और धार्मिक आयोजनों की जानकारी जुटाते थे।
इसके बाद गिरोह के सदस्य, जिनमें अधिकतर महिलाएं शामिल होती थीं, आयोजन स्थल पर पहुंचकर भजन-कीर्तन में शामिल हो जाते थे। मौका देखकर गिरोह की महिलाएं आयोजन में आई अन्य महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र काटकर चोरी कर लेती थीं। गिरोह के अन्य सदस्य आयोजन स्थल के बाहर वाहन में उनका इंतजार करते थे और वारदात के बाद सभी मौके से फरार हो जाते थे।
गिरफ्तार आरोपी
- अजय सिंह, पुत्र जगत सिंह, निवासी ग्राम समाना, थाना सदर समाना, पटियाला, पंजाब, हाल निवासी चावड़ा बाजार, पटियाला, उम्र 26 वर्ष।
- गुरुप्रीत सिंह, पुत्र पप्पू सिंह, निवासी 16 एकड़ बरनाला, जिला बरनाला, पंजाब, उम्र 28 वर्ष।
- हरजिन्दर कौर उर्फ रानी, पत्नी काका, निवासी ग्राम लगडोई, थाना सदर, पटियाला, पंजाब, उम्र 40 वर्ष।
- पूजा कौर उर्फ लाडी, पत्नी जगत सिंह, निवासी ग्राम समाना, थाना सदर समाना, जिला पटियाला, पंजाब, हाल निवासी चावड़ा बाजार, पटियाला, उम्र 48 वर्ष।
बरामदगी
- तीन पीली धातु की चेन
- 10 हजार रुपये नकद
- चेन काटने वाला एक कटर
- वारदात में प्रयुक्त होंडा सिटी कार संख्या HR26AX2739
पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर विनोद सिंह गुंसाई, उपनिरीक्षक प्रवीण सिंह पुंडीर, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह नेगी, उपनिरीक्षक बलवीर सिंह रावत, अपर उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह राणा, हेड कांस्टेबल सुनीत चौधरी, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल बृजमोहन सिंह रावत, कांस्टेबल आबिद अली, कांस्टेबल कैलाश पंवार, महिला कांस्टेबल गीता बिष्ट तथा एसओजी देहरादून की हेड कांस्टेबल किरण शामिल रहीं।
