प्रेमनगर में पीजी-हॉस्टल पर पुलिस की सख्ती, 4 संचालकों को नोटिस; देर रात घूम रहे 4 युवक हिरासत में
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में छात्र-छात्राओं की आड़ में हुड़दंग और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस ने देर रात पीजी और हॉस्टलों में आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों ने यह कार्रवाई की।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने हॉस्टल और पीजी संचालकों को वहां रहने वाले सभी छात्र-छात्राओं का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने और परिसर में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही रात 10 बजे के बाद छात्रों के प्रवेश को लेकर निर्धारित व्यवस्था का पालन करने, बाहरी व्यक्तियों को सत्यापन के बाद ही परिसर में प्रवेश देने तथा आने-जाने वालों का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई छात्र या छात्रा आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है, रात में अनावश्यक रूप से घूमता मिलता है अथवा हॉस्टल में नशीले पदार्थों के सेवन की शिकायत सामने आती है तो संबंधित छात्र के साथ-साथ प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान चार हॉस्टलों में अनियमितताएं मिलने पर संचालकों को नोटिस जारी किए गए और तय समयसीमा के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए। वहीं, देर रात अनावश्यक रूप से घूमते मिले चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने लाया गया।
पुलिस ने पीजी और हॉस्टल संचालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश देते हुए कहा कि पढ़ाई के नाम पर किसी भी तरह का हुड़दंग या आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
