विकासनगर। शक्ति नहर में डूबी KIA Sonet कार बरामद होने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की ओर से चलाए जा रहे सर्च अभियान में लापता रजत पुंडीर का शव भी बरामद कर लिया गया है। शव ढालीपुर इंटेक से बरामद हुआ है।

जानकारी के अनुसार 18 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे शक्ति नहर पुल नंबर-1 और भीमावाला पुल के बीच एक कार के नहर में डूबने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना पर कोतवाली विकासनगर पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रात में ही सर्च अभियान शुरू किया गया।

सर्चिंग के दौरान नहर किनारे KIA Sonet की मैट और एक हेडलाइट बरामद हुई थी। इसी दौरान यमुना कॉलोनी निवासी आयुष पुंडीर ने पुलिस को सूचना दी कि उसका भाई रजत पुंडीर लापता है और उसके पास KIA Sonet कार है।

इसके बाद पुलिस, एनडीआरएफ एसडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से लगातार शक्ति नहर में सर्च अभियान चलाया गया। तेज बहाव के कारण अभियान में आ रही मुश्किलों को देखते हुए संबंधित विभाग से संपर्क कर नहर का पानी कम कराया गया।

बुधवार 20 अगस्त की शाम करीब सात बजे KIA Sonet कार को ढकरानी इंटेक से बरामद कर लिया गया था। इसके बाद रजत पुंडीर की तलाश में सर्च अभियान जारी रखा गया।

अब पुलिस और बचाव दल को ढालीपुर इंटेक से रजत पुंडीर का शव बरामद हुआ है। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार