देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में कैनाल रोड पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई। हादसा 21-22 अगस्त की रात करीब 12:45 बजे हुआ।
112 के माध्यम से सूचना मिलने पर राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। वहां UP14DE-0052 नंबर की आई-20 कार क्षतिग्रस्त हालत में सड़क किनारे खड़ी मिली। वहीं UK07AD-5929 नंबर की स्कूटी और UK02BO-7044 नंबर की मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त मिलीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक ने सड़क किनारे खड़े दोनों वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी पर सवार नैना राजपूत और निधि कश्यप घायल हो गईं। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान मैक्स अस्पताल में नैना राजपूत (26), पत्नी अभिषेक मेहरा, निवासी पोहली, दूधली, डोईवाला की मौत हो गई। वहीं निधि कश्यप का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने कार चालक सुमित यादव (20), निवासी काठबंगला बस्ती भाग-2, राजपुर और उसके साथी हाशिम (24), निवासी सुमन नगर, राजपुर को हिरासत में लिया है। पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि काठबंगला से कैनाल रोड की ओर आते समय कार के ब्रेक काम नहीं करने के कारण वाहन सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों से टकरा गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने में दाखिल कर दिया है। मृतका के पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और हादसे की गहन जांच की जा रही है।
