सेलाकुई। फार्मा कंपनी में नौकरी करने वाले कर्मचारी ने कंपनी की ही दवा सामग्री पर हाथ साफ कर दिया। थाना सेलाकुई पुलिस ने Cefixime औषधि पाउडर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर निर्माणाधीन भवन के कमरे से Cefixime पाउडर के साथ 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
मामला 19 अगस्त का है। M/s East African (India) Overseas, फार्मा सिटी सेलाकुई के अधिकृत प्रतिनिधि जितेंदर कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी कि कंपनी में Senior Executive के पद पर कार्यरत अनिल चौहान ने कंपनी की सामग्री में से Cefixime औषधि पाउडर चोरी कर लिया है।
शिकायत के आधार पर थाना सेलाकुई में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले के खुलासे के लिए गठित टीम ने 22 अगस्त को आरोपी अनिल चौहान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर सेलाकुई स्थित एक निर्माणाधीन भवन के कमरे से थैले में पन्नी सहित Cefixime औषधि पाउडर बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने 50 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी किए गए औषधि पाउडर को बेचने की फिराक में था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल चौहान पुत्र राजेश बाबू, उम्र 33 वर्ष, निवासी मधु विहार गली नंबर-1, सेलाकुई, देहरादून के रूप में हुई है। वह मूल रूप से नौगांवा सादाबा, जिला अमरोहा, उत्तर प्रदेश का निवासी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम
- उपनिरीक्षक सुमेर सिंह, थाना सेलाकुई
- कांस्टेबल 556 इरशाद, थाना सेलाकुई
