विकासनगर। जरूरतमंदों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की पहल के तहत रोटरी दून विकास की ओर से भंडारी अस्पताल, विकासनगर में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विकासनगर और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लगभग 100 लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श का लाभ उठाया।
शिविर में नगर के विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं निःशुल्क प्रदान कीं। डॉ. अमिश भंडारी ने हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याओं के मरीजों की जांच की। फेफड़ों के रोग विशेषज्ञ डॉ. बिपिन सिंह ने श्वसन संबंधी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को परामर्श दिया। वहीं डॉ. शिवम डंग ने प्लास्टिक एवं कॉस्मेटिक सर्जरी, डॉ. अपूर्वा भंडारी ने नाक-कान-गला तथा डॉ. शुचिता एस. धमीजा ने महिला एवं प्रसूति रोगों से संबंधित मरीजों को चिकित्सकीय सलाह दी।
शिविर की खास बात यह रही कि विशेषज्ञ परामर्श के साथ मरीजों को कई महत्वपूर्ण जांचें भी पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इनमें BMD टेस्ट, स्पाइरोमीटर टेस्ट, कोलेस्ट्रॉल, यूरिक एसिड, कैल्शियम तथा रैंडम एवं फास्टिंग ब्लड शुगर की जांच शामिल रही। जांच रिपोर्ट के आधार पर मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।

रोटरी दून विकास के अध्यक्ष प्रशांत जैन ने कहा कि शिविर का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर जरूरतमंद लोगों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने निःशुल्क सेवाएं प्रदान करने वाले सभी चिकित्सकों का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि रोटरी का मूल भाव “Service Above Self — स्वयं से ऊपर सेवा” है। इसी भावना के साथ क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, रक्तदान और अन्य सामाजिक क्षेत्रों में लगातार सेवा कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि करीब 100 लोगों का शिविर से लाभान्वित होना इस पहल की सार्थकता को दर्शाता है।
शिविर के संयोजक डॉ. दिनेश भंडारी तथा क्लब सचिव दीपक मेहंदीरत्ता के साथ सतीश जयसवाल, सुरेश रावत, जीवन सजवाण, अनिल जैन, राजेश अग्रवाल, प्रदीप पोत्रा, राजीव चावला, कुलदीप पराशर, आशीष गुप्ता, मयंक जैन, ललित गुप्ता, अजय धमीजा, अमित सोनी, अरुण मित्तल, अरुण शर्मा, अजय राणा और तरुण अरोरा सहित क्लब के अन्य सदस्यों ने शिविर के संचालन एवं व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
समापन पर रोटरी दून विकास की ओर से निःशुल्क सेवाएं देने वाले सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों, भंडारी अस्पताल की टीम और शिविर के आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया।
