एटीएम बूथों के बाहर बिछाते थे ठगी का जाल, 192 कार्डों के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

विकासनगर। एटीएम से रुपये निकालने में मदद के बहाने बुजुर्गों, महिलाओं और सीधे-सादे लोगों के डेबिट कार्ड बदलकर बैंक खातों से रकम उड़ाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का विकासनगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से विभिन्न बैंकों के 192 एटीएम/डेबिट कार्ड, एक देसी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, कार, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर समेत कई स्थानों पर एटीएम ठगी की घटनाओं में जेल जा चुके हैं। आरोपियों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, असम, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

हर्बर्टपुर में मुखबिर की सूचना पर घेरा

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में संदिग्ध और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 21 अगस्त 2026 को विकासनगर पुलिस को हर्बर्टपुर चौक के पास गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चार संदिग्ध व्यक्ति स्विफ्ट कार और मोटरसाइकिल से क्षेत्र में आए हैं। ये लोग एटीएम कार्ड बदलकर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते हैं और विकासनगर में भी वारदात की फिराक में हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पोंटा रोड हर्बर्टपुर में ढालीपुर पुल से पहले आम के बगीचे के पास घेराबंदी कर स्विफ्ट कार संख्या UP14BX8591 को रोका। कार में सवार चारों व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड के साथ एक देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।

मदद के बहाने बदल देते थे एटीएम कार्ड

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे एटीएम बूथों के आसपास ऐसे लोगों की तलाश करते थे, जिन्हें तकनीकी जानकारी कम होती थी। खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को निशाना बनाया जाता था।

आरोपी एटीएम से पैसे निकालते समय मदद करने के बहाने पीड़ित का पिन देख लेते थे और बेहद चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल देते थे। इसके बाद दूसरे स्थान पर जाकर बदले हुए कार्ड और प्राप्त पिन की मदद से बैंक खाते से रकम निकाल लेते थे।

वारदात के बाद तत्काल फरार होने के लिए आरोपी घटना स्थल से कुछ दूरी पर अपनी कार और मोटरसाइकिल खड़ी रखते थे। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी विकासनगर क्षेत्र में भी इसी तरह की ठगी को अंजाम देने की योजना बनाकर पहुंचे थे।

192 कार्ड बरामद, हथियार भी मिला

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के कुल 192 एटीएम/डेबिट कार्ड बरामद किए हैं। इसके अलावा एक 12 बोर का अवैध देसी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, ₹1,200 नकद, दो मोबाइल फोन, स्विफ्ट कार और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। ई-चालान मशीन से जांच करने पर मोटरसाइकिल का नंबर UK17 X 0425 पाया गया।

एक आरोपी आशु कुमार के पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, आयुष्मान कार्ड और एक अन्य डेबिट कार्ड भी बरामद हुआ।

पहले भी कई राज्यों में कर चुके हैं ठगी

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य पहले भी अलग-अलग राज्यों में एटीएम ठगी और चोरी की घटनाओं में गिरफ्तार हो चुके हैं।

जगमोहन के खिलाफ जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में धोखाधड़ी, चोरी और आपराधिक साजिश से संबंधित मामले दर्ज हैं।
नीटू के खिलाफ विकासनगर और हरियाणा में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
सोनू के खिलाफ जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, शिमला और असम में चोरी व धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं।
आशु कुमार के खिलाफ हिमाचल प्रदेश और देहरादून के रायवाला थाने में धोखाधड़ी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य राज्यों में हुई एटीएम ठगी की घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. जगमोहन पुत्र अजमेर, निवासी न्यू सरस्वती विहार, थाना सदर बाजार, सहारनपुर, उम्र करीब 40 वर्ष।
  2. नीटू पुत्र नरेश, निवासी बुढ़ाखेड़ा, थाना चरथावल, मुजफ्फरनगर, उम्र करीब 40 वर्ष।
  3. सोनू पुत्र रमेश, निवासी पैरामाउंट के पास, सहारनपुर, उम्र करीब 43 वर्ष।
  4. आशु कुमार पुत्र श्यामलाल, निवासी मोहनपुरा/गुलाबनगर, रुड़की, हरिद्वार, उम्र 26 वर्ष।

चारों के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में मु0अ0सं0 224/2026, धारा 313/318(4)/3(5) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में प्रभारी कोतवाली विकासनगर निरीक्षक राजीव रौथाण, वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिशुपाल सिंह राणा, चौकी प्रभारी हर्बर्टपुर उपनिरीक्षक मयंक त्यागी, उपनिरीक्षक सनोज कुमार सहित हेड कांस्टेबल राजेंद्र बर्त्वाल और कांस्टेबल शिवानंद घिल्डियाल, नरेश पंत, नवीन कोहली, दिनेश बाबू व प्रवीण चौहान शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय एटीएम ठगी गिरोह के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। खास तौर पर 192 एटीएम कार्डों की बरामदगी से पुलिस को गिरोह द्वारा पूर्व में की गई कई संभावित घटनाओं की कड़ियां जोड़ने में मदद मिल सकती है।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार