विद्यालय प्रबंधक निशांत पंवार ने 42.196 किमी की फुल मैराथन की पूरी, चार छात्रों ने 10 किमी रेस में दर्ज की शानदार भागीदारी
विकासनगर/स्पीति। भारतीय सेना द्वारा आयोजित सूर्या स्पीति मैराथन 2026 में रेनबो चिल्ड्रन्स एकेडमी, बाडवाला की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। विद्यालय की ओर से प्रबंधक निशांत पवार के नेतृत्व में चार छात्र अभिषेक नेगी, आयुष चौहान, अंश नौटियाल एवं लकी रावत ने इस चुनौतीपूर्ण हाई एल्टीट्यूड मैराथन में प्रतिभाग किया।
हिमाचल प्रदेश के स्पीति घाटी क्षेत्र में, भारत-चीन सीमा के बेहद समीप आयोजित यह मैराथन प्रतिभागियों के लिए शारीरिक एवं मानसिक दृढ़ता की बड़ी परीक्षा थी। समुद्र तल से लगभग 3,600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित नाको गांव से शुरू हुई फुल मैराथन का मार्ग नाको से होते हुए सुमदो और हुरलिंग तक गया तथा भारतीय सेना की डोगरा रेजीमेंट के स्पोर्ट्स ट्रेनिंग ग्राउंड में इसका समापन हुआ।
विद्यालय प्रबंधक निशांत पंवार ने 42.196 किलोमीटर की फुल मैराथन सफलतापूर्वक पूरी करते हुए निर्धारित कट-ऑफ समय से एक घंटा पहले रेस पूरी की। वहीं विद्यालय के चारों छात्रों ने 10 किलोमीटर की रेस में सफलतापूर्वक प्रतिभाग किया। छात्रों की रेस सुमदो से कौरिक की ओर पांच किलोमीटर तक गई और वापस सुमदो में समाप्त हुई। चारों छात्रों ने निर्धारित कट-ऑफ समय से काफी पहले अपनी रेस पूरी की।

इस उपलब्धि की सबसे विशेष बात यह रही कि विद्यालय की टीम को स्पीति घाटी की अत्यधिक ऊंचाई और कम ऑक्सीजन वाले वातावरण के अनुरूप ढलने के लिए पर्याप्त एक्लाइमेटाइजेशन समय नहीं मिल पाया था। इसके बावजूद टीम ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर मैराथन को सफलतापूर्वक पूरा किया।
मैराथन के दौरान विद्यालय के छात्र धैर्य कांता ने भी टीम के साथ रहकर आयोजन एवं टीम के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मैराथन की सफलता पर विद्यालय प्रबंधक निशांत पंवार ने इसे विशेष उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह आयोजन भारतीय सेना की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से युवाओं को साहस, अनुशासन, फिटनेस और देशसेवा की भावना से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान छात्रों को भारतीय सेना में उपयोग किए जाने वाले कई आधुनिक उपकरणों को नजदीक से देखने और उनके बारे में जानने-समझने का अवसर भी मिला, जो उनके लिए एक अत्यंत प्रेरणादायक और शैक्षिक अनुभव रहा।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती आरती तोमर ने मैराथन में शानदार प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का एक अमूल्य अंग है और प्रत्येक छात्र-छात्रा के जीवन में खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को उचित स्थान मिलना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रेनबो चिल्ड्रन्स एकेडमी विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता के विकास के लिए निरंतर अवसर प्रदान करता रहेगा।
रेनबो चिल्ड्रन्स एकेडमी की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का अवसर प्रदान किया है।
