डाकपत्थर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, डाकपत्थर सेंटर की संचालिका बीके राजयोगिनी सविता दीदी द्वारा रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में लगातार विभिन्न स्थानों पर सेवा एवं आध्यात्मिक जागरूकता का कार्यक्रम किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज विकासनगर स्थित बहुउद्देश्यीय किसान सेवा समिति में सचिव श्री नरेंद्र सिंह नेगी जी को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन पर्व मनाया गया। इस अवसर पर समिति के समस्त स्टाफ को भी राखी बांधी गई तथा उन्हें रक्षाबंधन पर्व के आध्यात्मिक एवं सामाजिक महत्व के बारे में बताया गया।

इसके पश्चात जल विद्युत निगम, डाकपत्थर कार्यालय में उप महाप्रबंधक श्री मनदीप सिंह जी को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन का पावन पर्व मनाया गया। साथ ही कार्यालय के समस्त स्टाफ को भी राखी बांधकर रक्षाबंधन के महत्व का संदेश दिया गया।

बीके राजयोगिनी सविता दीदी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व ही नहीं, बल्कि यह पवित्रता, सद्भावना, आत्मिक प्रेम और एक-दूसरे की रक्षा एवं सम्मान का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने सभी से जीवन में सकारात्मक विचारों, सद्भावना और आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।

इस सेवा कार्यक्रम में डाकपत्थर सेंटर से बीके अरुण भाई, बीके रूबी जी, बीके सरोज जी एवं बीके एकता वर्मा , विशाल गुप्ता जी सहित अन्य ब्रह्माकुमारी बहन-भाइयों ने सहभागिता की।

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, डाकपत्थर द्वारा रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर विभिन्न संस्थानों एवं समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर आध्यात्मिक एवं सकारात्मक संदेश देने का यह सेवा अभियान निरंतर जारी है।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार