विकासनगर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत विकासनगर पुलिस ने एक महिला नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 9.7 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। आरोपी महिला पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुकी है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 30 अगस्त की रात करीब 8:22 बजे पुलिस टीम ने कुंजा ग्रांट क्षेत्र से 21 वर्षीय मुन्नी पुत्री स्वर्गीय मुख्तियार निवासी ग्राम कुंजा ग्रांट को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 9.7 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक रुड़की से खरीदकर लाती थी और स्थानीय लोगों को बेचती थी, जिससे उसे अच्छा मुनाफा होता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है और वह जेल जा चुकी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में कुल्हाल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता, कांस्टेबल नितिन कुमार, कांस्टेबल गौरव कुमार और महिला कांस्टेबल आशा चौधरी शामिल रहे।
