देहरादून। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से मिलने वाली मृत्यु उपरांत आर्थिक सहायता का फर्जी तरीके से लाभ लेने के मामले में तीन नामित व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है।
मामला हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र से सामने आया है। श्रम विभाग को प्राप्त तीन आवेदनों की स्थलीय जांच के दौरान पाया गया कि जिन व्यक्तियों के नाम पर मृत्यु प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए गए थे, उनकी मृत्यु पहले ही हो चुकी थी। जांच में यह भी सामने आया कि कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उनके नामितों द्वारा विभागीय योजना का लाभ लेने का प्रयास किया गया।
जांच के दौरान संबंधित ग्राम पंचायतों से मृत्यु प्रमाण पत्रों की वैधता की जानकारी मांगी गई। सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), लक्सर द्वारा बताया गया कि तीनों मृतकों का विवरण ग्राम पंचायत के मृत्यु अभिलेखों में दर्ज नहीं है और संबंधित मृत्यु प्रमाण पत्र ग्राम पंचायत कार्यालय से जारी नहीं किए गए थे।
मामले की रिपोर्ट मुख्यालय को भेजे जाने के बाद उप श्रम आयुक्त, उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा नामितों के विरुद्ध FIR दर्ज कराने की संस्तुति की गई। निर्देशों के क्रम में हरिद्वार में संबंधित तीन नामितों के खिलाफ FIR पंजीकृत कर दी गई है। मामले में आगे की कानूनी एवं पुलिस जांच जारी है।
बोर्ड के सचिव प्रकाश चन्द्र दुम्का ने कहा कि भविष्य में भी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके आश्रितों को मिलने वाले लाभों को फर्जी तरीके से प्राप्त करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
