देहरादून। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश के सभी जनपदों में ब्लॉक और तहसील स्तर पर लगने वाले इन शिविरों में आमजन को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

शनिवार को सचिवालय में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शिविरों की तैयारियों की समीक्षा की गई। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविरों के साथ विभिन्न विभागों के स्टॉल और योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी लगाई जाए। पात्र लाभार्थियों का चयन कर मौके पर ही उन्हें योजनाओं से जोड़ने की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में मेडिकल कैंप आयोजित करने के साथ ट्री प्रोटेक्शन एक्ट और मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर लोगों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारियों से शिविर की तिथि, स्थान, नोडल अधिकारी, योजनाओं और विभागीय उपलब्धियों समेत विस्तृत कार्ययोजना उपलब्ध कराने को कहा गया।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि पूर्व में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रमों से अलग स्थानों पर शिविर लगाए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित हो सके। शिविरों का होर्डिंग, बैनर समेत विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।

राज्य आपदा प्रबंधन के उपाध्यक्ष डॉ. विनय रोहिला ने बताया कि ‘सेवा सेतु’ अभियान 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा। प्रत्येक तहसील और ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे और प्रत्येक शिविर कम से कम तीन दिन संचालित होगा। कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग भी की जाएगी।

महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाने के साथ लाभार्थियों के आवेदन भरने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियां भी प्रस्तुत की जाएंगी तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

बैठक में सचिव विनय शंकर पांडेय, सी. रविशंकर, राजेंद्र कुमार, अपर सचिव रोहित मीणा, सीसीएफ वन राहुल, सीडीओ देहरादून अभिनव शाह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी जिलों के जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार