सीएम ने नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के चार सफल अभियानों का किया फ्लैग-इन, माउंट एकांकागुआ समेत नुन-कुन श्रृंखला की तीन चोटियों पर फहराया सफलता का परचम
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम), उत्तरकाशी के चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इनमें जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स (जेआईएमएंडडब्ल्यूएस), पहलगाम के साथ संयुक्त रूप से संचालित माउंट एकांकागुआ अभियान भी शामिल रहा।
मुख्यमंत्री ने सभी पर्वतारोहियों को सफल अभियानों के लिए बधाई देते हुए कहा कि चुनौतीपूर्ण उच्च पर्वतीय परिस्थितियों में उनका साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीम भावना युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहियों की उपलब्धियां उत्तराखंड के साथ देशभर के युवाओं को साहसिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
उन्होंने कहा कि नेहरू पर्वतारोहण संस्थान ने पर्वतारोहण, साहसिक खेलों, युवा विकास और उच्च हिमालयी प्रशिक्षण के क्षेत्र में देश और प्रदेश में महत्वपूर्ण पहचान बनाई है। संस्थान युवाओं को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण देने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास भी विकसित कर रहा है।
22 फरवरी को एकांकागुआ की चोटी पर पहुंचा दल
अर्जेंटीना स्थित 6,961 मीटर ऊंचे माउंट एकांकागुआ के लिए एनआईएम और जेआईएमएंडडब्ल्यूएस का संयुक्त अभियान कर्नल हेम चंद्र सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया। छह सदस्यीय दल ने 22 फरवरी 2026 को एकांकागुआ के शिखर पर सफल आरोहण किया। इस अभियान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक से फ्लैग ऑफ किया था।

नुन-कुन श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण
एनआईएम के नुन-कुन अभियान-2026 का नेतृत्व संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एसएस राजपुरोहित ने किया। अभियान दल ने 15 अगस्त को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन चोटी पर सफल आरोहण किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिली यह सफलता दल के लिए विशेष रही।
इसके बाद अभियान को आगे बढ़ाते हुए दल ने 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन चोटी पर भी सफल आरोहण किया। इस तरह दल ने एक ही अभियान के दौरान नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण का उल्लेखनीय रिकॉर्ड अपने नाम किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के लिए अपार संभावनाएं रखती हैं। ऐसे अभियान न केवल युवाओं को साहसिक खेलों के लिए प्रेरित करते हैं, बल्कि उत्तराखंड की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने में भी योगदान देते हैं।
इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित कुमार सिन्हा, एनआईएम के प्रधानाचार्य कर्नल एसएस राजपुरोहित, जेआईएमएंडडब्ल्यूएस पहलगाम के प्रधानाचार्य कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन जी. संतोष कुमार समेत एनआईएम के अधिकारी और विभिन्न पर्वतारोहण अभियानों के सदस्य मौजूद रहे।
