देहरादून। उत्तराखंड के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए खेल विभाग ने आउट ऑफ टर्न सरकारी नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। खेल निदेशालय की ओर से इसके लिए विज्ञप्ति जारी कर दी गई है। पात्र खिलाड़ी 9 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने प्रदेश के सभी पात्र पदक विजेता खिलाड़ियों से इस अवसर का लाभ उठाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और प्रतिभा को सम्मान देना सरकार की प्राथमिकता है और इसी दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं।
आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का उत्तराखंड का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास अंतरराष्ट्रीय या राष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त करने की उपलब्धि होना आवश्यक है। पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी खेल विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में दी गई है।
पात्र खिलाड़ी विज्ञप्ति, शासनादेश और आवेदन पत्र खेल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट sports.uk.gov.in पर प्राप्त कर सकते हैं। विभाग ने खिलाड़ियों से आवेदन करने से पहले पात्रता मानकों, आवश्यक दस्तावेजों और अन्य निर्धारित शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने को कहा है।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य, उनकी प्रतिभा के सम्मान और उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उनकी उपलब्धियों को सम्मान और प्रोत्साहन देना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी का पदक केवल उसकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और संघर्ष से युवा खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को खेलों में बेहतर अवसर, सुविधाएं और आगे बढ़ने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराया जाए।
