दो दिन में गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की फोटो सहित रिपोर्ट मांगी, संबंधित विभागों को मरम्मत के निर्देश

देहरादून, 29 सितंबर। मानसून के दौरान बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर देहरादून नगर निगम क्षेत्र के 48 प्रमुख एवं आंतरिक मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा।

इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मार्गवार जिम्मेदारी सौंपी गई है। नामित अधिकारी मौके पर जाकर सड़कों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेंगे और गड्ढों, क्षतिग्रस्त हिस्सों तथा आवश्यक मरम्मत कार्यों को चिन्हित करेंगे। इसके बाद संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्थाएं मरम्मत एवं गड्ढामुक्त करने की कार्रवाई करेंगी।

निरीक्षण के दायरे में देहरादून-मसूरी मार्ग, राजपुर रोड, हरिद्वार बाईपास, कांवली रोड, मातावाला से कारगी चौक, निरंजनपुर से रिमला बाईपास, बल्लीवाला चौक से आईएसबीटी, पटेलनगर, नेहरू रोड, धर्मपुर, रायपुर, सहस्रधारा रोड, जाखन, चकराता रोड, क्लेमेंटटाउन और प्रेमनगर समेत शहर के कई प्रमुख एवं आंतरिक मार्ग शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति का मौके पर आकलन करते हुए गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की पूरी सूची तैयार की जाए। संबंधित विभागों से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराते हुए सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

नामित अधिकारियों को निरीक्षण की फोटो सहित संपूर्ण आख्या दो दिन के भीतर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य मानसून के बाद सड़कों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर क्षतिग्रस्त हिस्सों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराना है, ताकि शहर में आवागमन को सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार