विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने इंटरलॉकिंग टाइल्स से निर्माण कार्य का किया शुभारंभ
देहरादून, 25 सितंबर। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के नगर निगम देहरादून के वार्ड-92 में राघव विहार और महिमा एन्क्लेव के आंतरिक मार्गों के निर्माण की शुरुआत हो गई है। क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने राज्य योजना वर्ष 2026-27 के तहत 124.35 लाख रुपये की लागत से होने वाले इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण कार्य का विधिवत पूजन-अर्चना कर शुभारंभ किया।
विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि क्षेत्रवासियों की जरूरत के अनुसार सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की आंतरिक कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क, पेयजल समेत विभिन्न जनसुविधाओं के विकास कार्यों को गति दी जा रही है। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में भी जरूरत के अनुसार विकास कार्य चरणबद्ध तरीके से कराए जा रहे हैं।
पुंडीर ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ स्थानीय जरूरतों का ध्यान रखा जाना जरूरी है।
विधायक ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र का समग्र और संतुलित विकास उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्रवासियों के सुझाव और आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। राघव विहार और महिमा एन्क्लेव के आंतरिक मार्गों का निर्माण भी इसी कड़ी का हिस्सा है।
निर्माण कार्य शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता जताई और विधायक का आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और इसका सीधा लाभ स्थानीय निवासियों को मिलेगा।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद अनिल प्रसाद, जिला मंत्री दर्शन सिंह रावत, धर्मपाल सिंह बिष्ट, दिनेश ध्यानी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
