देहरादून। विद्यार्थियों को शिक्षा, करियर और रोजगार के क्षेत्र में उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तराखंड सरकार के सहयोग से देहरादून के मांडूवाला में ‘शिक्षा मित्र’ केंद्र का शुभारंभ किया गया। यह पहल राष्ट्रीय चेतना कॉलेज ऑफ एजुकेशनल सोसायटी, देहरादून के तत्वावधान में शुरू की गई है।
‘शिक्षा मित्र’ केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग, शैक्षिक मार्गदर्शन, उच्च शिक्षा से संबंधित जानकारी और प्लेसमेंट सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप बेहतर करियर विकल्प चुनने में सहयोग देना है।
शुभारंभ अवसर पर ‘शिक्षा मित्र’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पुष्पेंद्र त्यागी का रुड़की की मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय चेतना कॉलेज ऑफ एजुकेशनल सोसायटी के उपाध्यक्ष ललित मोहन अग्रवाल, सचिव राहुल अग्रवाल, प्रबंध निदेशक राज कुमार मिश्रा तथा नव चेतना ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक आदित्य अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सीईओ पुष्पेंद्र त्यागी ने कहा कि ‘शिक्षा मित्र’ का उद्देश्य विद्यार्थियों तक सही जानकारी और उचित मार्गदर्शन पहुंचाना है, ताकि वे अपनी क्षमता के अनुरूप बेहतर करियर का चुनाव कर सकें।
विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण पहल : राज कुमार मिश्रा
राष्ट्रीय चेतना कॉलेज ऑफ एजुकेशनल सोसायटी के प्रबंध निदेशक राज कुमार मिश्रा ने कहा कि ‘शिक्षा मित्र’ विद्यार्थियों के हित में सोसायटी की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा और करियर से जुड़ी आवश्यक जानकारी के साथ उचित मार्गदर्शन मिलेगा, जिससे उन्हें भविष्य के संबंध में बेहतर निर्णय लेने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के सामने उच्च शिक्षा और करियर के अनेक विकल्प उपलब्ध हैं। ऐसे में सही समय पर सही जानकारी और मार्गदर्शन बेहद जरूरी है। ‘शिक्षा मित्र’ इस आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में उपयोगी भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने ‘शिक्षा मित्र’ के शुभारंभ पर शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि यह पहल अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचेगी तथा उन्हें शिक्षा, करियर और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने में मदद करेगी।
