देहरादून। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने गुरुवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन और इलेक्शन प्लानर के अनुसार चरणबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां भवन की स्थिति, बिजली, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार जिला निर्वाचन अधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों और स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारियों को स्वीप प्लान तैयार करने, बूथ एवं विधानसभा स्तर पर आवश्यक कार्मिकों का विवरण तैयार करने तथा चुनाव के लिए जरूरी वाहनों और कर्मचारियों की सूची तैयार करने को कहा गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आगामी माह में निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उत्तराखंड का दौरा किया जा सकता है। इस दौरान जिलों में चल रही चुनावी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। लिहाजा सभी जिलाधिकारी अपने-अपने जनपदों में तैयारियों को प्राथमिकता के साथ पूरा करें।

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की वेबसाइट पर एसआईआर-2026 से संबंधित अपडेट और जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकों की जानकारी भी उपलब्ध है।

बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तु दास सहित सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार