देहरादून। पटेल नगर क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक महिला को 1 किलो 20 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि गिरफ्तार महिला पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुकी है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली पटेल नगर की पुलिस टीम ने सोमवार को चेकिंग के दौरान ब्रह्मपुरी निवासी 38 वर्षीय फूलवती पत्नी राजकुमार को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में पुलिस के मुताबिक महिला ने बताया कि वह जल्दी पैसा कमाने के लालच में नशे की तस्करी में शामिल हुई थी। बरामद गांजे को वह छोटी-छोटी मात्रा में स्थानीय नशेड़ियों को ऊंचे दाम पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि फूलवती के खिलाफ पहले से ही मादक पदार्थों की तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2022, 2025 और 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ कोतवाली पटेल नगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी बाजार उपनिरीक्षक आशीष कुमार, कांस्टेबल चमन, हर्मेंद्र, नितिन सैनी और महिला कांस्टेबल संजू शामिल रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार