देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र में घर के लोगों को खाने में नशीला पदार्थ खिलाकर नकदी और ज्वैलरी चोरी करने की घटना का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दिल्ली के नेपाली मूल के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की 27,500 रुपये की नकदी, दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त HR55 BB1055 नंबर की सफेद अर्टिगा कार भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दिनेश सुनार (27) निवासी पर्यावरण कॉम्पलेक्स, बालाजी अपार्टमेंट, दिल्ली मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और दिल्ली में टैक्सी चलाता है। आरोप है कि टैक्सी चलाने की आड़ में वह नेपाली मूल के अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

मामले में वादी महिपाल सिंह निवासी राज मार्केट, बल्लीवाला चौक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनके घर में काम करने वाले नौकर भरत थापा ने अन्य साथियों के साथ मिलकर खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया और इसके बाद घर से ज्वैलरी व नकदी चोरी कर ली। इस संबंध में थाना बसंत विहार में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कीं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि भरत थापा के साथ चार अन्य लोग भी घटना में शामिल थे और वारदात के लिए एचआर नंबर की अर्टिगा कार का इस्तेमाल किया गया था।

पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में 6 अक्टूबर की रात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दिनेश सुनार को घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बसंत विहार में नशीला पदार्थ खिलाकर चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी तलाशी में चोरी की नकदी भी बरामद हुई।

टैक्सी से साथी लाता और वारदात के बाद ले जाता था

पूछताछ में दिनेश ने बताया कि उसके साथी लोगों के घरों में काम करने के बहाने प्रवेश कर पहले घर की रेकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर अपने अन्य साथियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। दिनेश अपनी टैक्सी से साथियों को घटनास्थल तक पहुंचाने और वारदात के बाद वापस ले जाने का काम करता था। इसके बदले उसे चोरी के माल में हिस्सा मिलता था।

बसंत विहार की घटना में भी आरोपियों ने वारदात के बाद दिनेश को 50 हजार रुपये नकद दिए थे, जबकि चोरी का माल बिकने के बाद बाकी हिस्सा देने की बात कही गई थी।

चार आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर

पूछताछ में पुलिस को भरत थापा के अलावा आदित्य, अभिषेक और एलेक्स के नाम भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी नेपाली मूल के हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए गैर-प्रांतों समेत संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी:
दिनेश सुनार पुत्र चन्द्र सुनार, उम्र 27 वर्ष, निवासी पर्यावरण कॉम्पलेक्स, गली सी-33डी, बालाजी अपार्टमेंट, दिल्ली।

बरामदगी: 27,500 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त सफेद अर्टिगा कार HR55 BB1055।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार