देहरादून। ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट में कम रकम निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर हरिद्वार निवासी से ₹1.77 करोड़ की साइबर ठगी के मामले में उत्तराखंड एसटीएफ ने राजस्थान से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने YouTube पर Winadda ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट का विज्ञापन देखा था। इसके बाद साइबर ठगों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से WhatsApp के जरिए संपर्क कर उसे लिंक भेजे और कम धनराशि निवेश कर अधिक लाभ कमाने का झांसा दिया। वर्ष 2025 में पीड़ित से कुल ₹1,77,53,960 की ऑनलाइन ठगी की गई।
मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मु0अ0सं0 20/2026, धारा 318(4), 61(2) BNS और 66D IT Act के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान ठगी में इस्तेमाल बैंक खातों और पैसों के लेन-देन का विश्लेषण किया गया।
जांच में सामने आया कि पीड़ित से ठगी गई रकम में से करीब ₹14 लाख आरोपी के बैंक खाते में जमा हुए थे। इसके अलावा आरोपी के खाते में महज चार महीने के भीतर करीब ₹95 लाख का संदिग्ध लेन-देन भी पाया गया।
साक्ष्य मिलने के बाद एसटीएफ टीम ने 41 वर्षीय किशोर पुत्र मदन लाल, निवासी ऊंचा मगर बास, थाना लाडनूं, जिला डीडवाना-कुचामन, राजस्थान को उसके थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम में निरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक जगमोहन राणा, उपनिरीक्षक वजिन्द्र सिंह नेगी और कांस्टेबल सोनह बड़ोनी शामिल रहे।
एसटीएफ ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन गेमिंग, निवेश या किसी भी तरह का अधिक लाभ देने का लालच देने वाली संदिग्ध वेबसाइट और व्यक्तियों के झांसे में न आएं। किसी भी लिंक पर क्लिक करने या पैसे ट्रांसफर करने से पहले उसकी सत्यता जांच लें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
