उत्तराखण्ड एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, लंबे समय से बदल रहा था ठिकाने
हरिद्वार। महाराष्ट्र में 268 ग्राम स्मैक बरामदगी के मामले में फरार चल रहे आरोपी फैजान को उत्तराखण्ड एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महाराष्ट्र के थाना आनचोले में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित था।
एसटीएफ के अनुसार, महाराष्ट्र पुलिस ने आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए उत्तराखण्ड एसटीएफ से संपर्क किया था। इसके बाद संयुक्त टीम ने तकनीकी सर्विलांस और अन्य माध्यमों से आरोपी की गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। आरोपी की लोकेशन हरिद्वार के गंगनहर थाना क्षेत्र में मिलने पर टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैजान पुत्र फुरकान (24), निवासी पाडली गुज्जर, थाना गंगनहर, हरिद्वार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम चांदपुर, थाना पथरी, हरिद्वार का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
महाराष्ट्र के थाना आनचोले में मुकदमा अपराध संख्या 421/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29(सी) में मामला दर्ज है। आरोपी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए महाराष्ट्र पुलिस के सुपुर्द किया जा रहा है।
इस संयुक्त अभियान में उत्तराखण्ड एसटीएफ की ओर से निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, हेड कांस्टेबल संजय, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र नौटियाल और कांस्टेबल प्रदीप शामिल रहे। अभियान में महाराष्ट्र पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टीम ने भी सहयोग किया।
