ऑपरेशन कालनेमि के तहत पटेलनगर पुलिस की कार्रवाई, फर्जी आधार कार्ड, एटीएम और बैंक दस्तावेज बरामद
देहरादून। तंत्र-मंत्र और वशीकरण के जरिए लोगों की पारिवारिक और निजी समस्याएं दूर करने का झांसा देकर ठगी करने वाले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को दून पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया पर खुद को वशीकरण विशेषज्ञ, ज्योतिषाचार्य और तांत्रिक बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। पूछताछ में अब तक 100 से अधिक लोगों के साथ ठगी किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों और ठगी की रकम के लेनदेन की जांच कर रही है।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटेलनगर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस को 12 अक्टूबर की रात सूचना मिली थी कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो संदिग्ध चमन विहार क्षेत्र में किराये पर रह रहे हैं। आरोप था कि वे फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक खाते खुलवा रहे हैं और उनका इस्तेमाल ठगी के लिए कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चमन विहार फेज-1 स्थित आशियाना होम्स में छापा मारा। यहां से पुलिस ने शाहरुख (26) निवासी मुजफ्फरनगर और सलमान (24) निवासी शामली, उत्तर प्रदेश को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से अलग-अलग नामों के आठ आधार कार्ड, 10 एटीएम कार्ड, तीन बैंक पासबुक, एक ड्राइविंग लाइसेंस, एक वोटर कार्ड, दो भरे हुए चेक, एक जियो सिम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए।
सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर फंसाते थे लोगों को
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खुद को तांत्रिक, वशीकरण विशेषज्ञ, ज्योतिषाचार्य और शास्त्री बताकर विज्ञापन प्रसारित करते थे। विज्ञापनों में पारिवारिक और अन्य समस्याओं को तंत्र विद्या तथा विशेष अनुष्ठानों के माध्यम से दूर करने का दावा किया जाता था। अपनी पहचान छिपाकर वे संपर्क के लिए केवल मोबाइल नंबर देते थे। इसके बाद लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाते और उनसे पैसे ऐंठते थे।
