विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा कार्यकर्ताओं ने मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में तहसील घेराव कर उप जिला चिकित्सालय, विकासनगर में कार्डियोलॉजिस्ट एवं न्यूरोलॉजिस्ट की तैनाती तथा संबंधित यूनिट शुरू किए जाने की मांग उठाई। इस संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी की अनुपस्थिति में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्री रयाल को सौंपा गया।
रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि उप जिला चिकित्सालय विकासनगर पछवादून, जौनसार-बावर, उत्तरकाशी के आंशिक क्षेत्रों सहित व्यापक क्षेत्र की स्वास्थ्य जरूरतों का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिदिन 500 से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं तथा 150 से 200 किलोमीटर दूर-दराज के क्षेत्रों के लोग भी इसी अस्पताल पर निर्भर रहते हैं।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरोलॉजिस्ट की तैनाती न होने के कारण हृदयाघात और पक्षाघात जैसी गंभीर स्थितियों में मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता। कई बार मरीजों को देहरादून या अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है, जिससे रास्ते में ही उनकी मृत्यु तक हो जाती है। आर्थिक रूप से कमजोर मरीज निजी अस्पतालों में महंगे इलाज और जांच कराने में भी सक्षम नहीं होते।
नेगी ने कहा कि हार्ट अटैक जैसी आपात स्थिति में प्रत्येक क्षण महत्वपूर्ण होता है, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सकों की अनुपलब्धता के कारण मरीजों को उचित उपचार नहीं मिल पाता। उन्होंने बताया कि वर्तमान विभागीय ढांचे में इन विशेषज्ञ पदों का प्रावधान नहीं है और अस्पताल निर्धारित मानकों को भी पूरा नहीं करता, फिर भी क्षेत्र की विषम परिस्थितियों और गरीब मरीजों की समस्याओं को देखते हुए सरकार को विशेष व्यवस्था करते हुए पद सृजित करने चाहिए।
उन्होंने कहा कि जन संघर्ष मोर्चा क्षेत्र के मरीजों को भगवान भरोसे नहीं छोड़ सकता और उनकी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
इस दौरान मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजयराम शर्मा, दिलबाग सिंह, विनयकांत नौटियाल, के.सी. चंदेल, ब्लॉक अध्यक्ष भीम सिंह बिष्ट, हाजी असद, अनुपम कपिल, मुजीबुर रहमान, एम.ए. सिद्दीकी, प्रवीण शर्मा पिन्नी, विनोद पड्डा, प्रमोद शर्मा, सतीश गुप्ता, प्रोविर दास, राजकुमार गोयल, गौरव लोधा, दरबान सिंह असवाल, अकरम सलमानी, पूरन सिंह राघव, संजय गुप्ता, महेंद्र सिंघल, अशोक गुप्ता, मुकेश पसबोला, नरेश ठाकुर, विनय सजवान, चौधरी मामराज, विनय गुप्ता, मनीष नेगी, राकेश कुमार, दिनेश राणा, मेहंदी हसन, आसिफ खान, विक्रम पाल, सूरजवीर, शहजाद, राघव चड्ढा, साहिल, यूनुस, विनोद जैन, गफूर, नाजिर, सुरजीत सिंह, जयपाल सिंह, गोविंद सिंह नेगी, अनवर, अंकुर चौरसिया, जाबिर हसन, शेर सिंह, सफीक, क्रिस्टीना, शमशाद, ऋषिपाल, विनोद टाइट्स, संजय पटेल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

