दून पुलिस ने चोरी की 5 वारदातों का किया खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार

देहरादून पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए सेलाकुई क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की पांच घटनाओं का सफल अनावरण किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून की रणनीति के तहत थाना सेलाकुई और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 40 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान, 3.90 लाख रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

बंद मकानों को बनाते थे निशाना

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त दिन में काम की तलाश के बहाने बंद मकानों की रेकी करते थे और रात के समय चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। गर्मी की छुट्टियों के दौरान बाहर गए परिवारों के बंद घर इनके निशाने पर रहते थे।

सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता

सेलाकुई क्षेत्र में हुई अलग-अलग चोरी की घटनाओं के संबंध में थाना सेलाकुई में पांच मुकदमे दर्ज किए गए थे। लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून ने अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया।

पुलिस टीमों ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्धों की जानकारी जुटाई तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान 22 जून 2026 को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपी पुनः किसी वारदात को अंजाम देने के लिए सेलाकुई क्षेत्र में आने वाले हैं।

चेकिंग के दौरान दबोचे गए आरोपी

पुलिस ने चेकिंग के दौरान ग्लैमर मोटरसाइकिल संख्या UK-07-AA-2277 पर सवार दो संदिग्धों को रोका। पूछताछ में उनकी पहचान विकास (21 वर्ष) निवासी बिहारीगढ़, सहारनपुर तथा सुमित कुमार (27 वर्ष) निवासी बेहट, सहारनपुर के रूप में हुई।

सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने सेलाकुई क्षेत्र में पांच चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर शंकरपुर, सहसपुर स्थित किराये के कमरे से चोरी का माल और नकदी बरामद की गई।

बैंक खाते में जमा मिले चोरी के पैसे

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी विकास ने चोरी का सामान बेचकर कमाए गए 2.50 लाख रुपये अपने बैंक खाते में जमा किए थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खाते को फ्रीज करा दिया।

पहले भी जा चुके हैं जेल

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। पूछताछ में चोरी की घटनाओं में एक अन्य साथी की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

बरामदगी

लगभग 40 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान

3 लाख 90 हजार रुपये नकद

ग्लैमर मोटरसाइकिल संख्या UK-07-AA-2277

आरोपी के बैंक खाते में जमा 2.50 लाख रुपये की धनराशि फ्रीज

गिरफ्तार आरोपी

  1. विकास पुत्र नाथी राम, निवासी झीवरहेड़ी जयन्तीपुर, थाना बिहारीगढ़, जिला सहारनपुर (उम्र 21 वर्ष)
  2. सुमित कुमार पुत्र स्व. धर्म सिंह, निवासी ग्राम हुसैन मलिकपुर, थाना बेहट, जिला सहारनपुर (उम्र 27 वर्ष)

एसएसपी ने पुलिस टीम को किया सम्मानित

चोरी की पांच घटनाओं का सफल अनावरण करने पर एसएसपी देहरादून ने थाना सेलाकुई एवं एसओजी टीम के उत्साहवर्धन हेतु पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया।

संयुक्त पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना सेलाकुई के थानाध्यक्ष लोकपाल परमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विवेक भंडारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों तथा एसओजी देहात प्रभारी निरीक्षक के.आर. पांडे और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार