ऋषिकेश। थाना मुनि की रेती क्षेत्र के शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद कुमार शर्मा का सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। यह हादसा ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात हुआ, जिससे पुलिस विभाग और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रानीपोखरी निवासी विनोद कुमार शर्मा ड्यूटी पूरी करने के बाद अपनी स्कॉर्पियो वाहन से मुनि की रेती थाना से शिवपुरी पुलिस चौकी जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे की जानकारी पुलिस प्रशासन को काफी देर बाद मिली। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन तक पहुंची। दुर्घटना में विनोद शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने उनके शव को खाई से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया।

विनोद कुमार शर्मा इससे पहले भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। पुलिस विभाग में उन्होंने ढालवाला और कैलाश गेट चौकी प्रभारी के रूप में भी कार्य किया था। अपने मिलनसार स्वभाव और मृदुभाषी व्यवहार के कारण वे सहकर्मियों और क्षेत्रवासियों के बीच काफी लोकप्रिय थे।

उनके निधन की खबर से रानीपोखरी सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि उनके एक भाई भी पुलिस विभाग में कार्यरत हैं।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार