देहरादून। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की सीमा पर निहंगों के संभावित प्रवेश की आशंका को देखते हुए विकासनगर क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। किसी भी संभावित टकराव और कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए उत्तराखंड-हिमाचल सीमा को सील कर दिया गया है।
सीमा पर स्थित कुल्हाल पुलिस चौकी को अस्थायी छावनी में तब्दील कर दिया गया है, जहां भारी पुलिस बल के साथ आईटीबीपी (ITBP) के जवानों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार मौके पर निगरानी बनाए हुए हैं।
एसपी देहात पंकज गैरोला, कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण सहित अन्य अधिकारी सीमा क्षेत्र में डटे हुए हैं और हालात पर नजर रखे हुए हैं। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माने जाने वाले डाकपत्थर बैराज पुल पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी परिस्थिति में अव्यवस्था फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी और सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए हैं।
फिलहाल सीमा क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
