मुख्यमंत्री आवास स्थित कैंप कार्यालय में आज बैरागीवाला हत्याकांड से जुड़े पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami से मुलाकात की। इस दौरान भाजपा देहरादून ग्रामीण जिलाध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं ओबीसी मोर्चा प्रदेश मंत्री नीरज कश्यप सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
नीरज कश्यप ने मुख्यमंत्री को बताया कि 13 जून को बैरागीवाला गांव में हुई एक हिंसक घटना में भगवत प्रसाद के घर पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप है, जिसमें उनके पुत्र विनोद कुमार की मृत्यु हो गई थी। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही थी। पीड़ित परिवार का कहना है कि मृतक ही परिवार का मुख्य सहारा था और उसके निधन के बाद माता-पिता, पत्नी तथा दो बच्चों के भरण-पोषण की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
पीड़ित पक्ष ने मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर आर्थिक सहायता, बच्चों की शिक्षा हेतु सहयोग तथा मृतक की पत्नी (पुत्रवधू) को मृतक आश्रित कोटे के तहत सरकारी नौकरी देने की मांग रखी। प्रस्तावित नौकरी ग्राम बैरागीवाला स्थित सरकारी विद्यालय में देने का आग्रह भी किया गया।
मुलाकात के दौरान मौजूद जनप्रतिनिधियों ने भी संयुक्त रूप से पीड़ित परिवार के लिए शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा फरार आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिनिधिमंडल और पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि मामले में सरकार संवेदनशील है तथा नियमानुसार हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
