देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत के आह्वान से प्रेरित होकर भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता नवीन ठाकुर ने स्थानीय यात्राओं के लिए साइकिल को अपना नियमित परिवहन माध्यम बना लिया है। प्रधानमंत्री द्वारा 10 मई 2026 को देशवासियों से पेट्रोल-डीजल के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील किए जाने के बाद नवीन ठाकुर ने यह संकल्प लिया।
नवीन ठाकुर ने बताया कि वे सहसपुर, विकासनगर, डाकपत्थर और देहरादून स्थित भाजपा कार्यालय सहित आसपास के सभी स्थानीय कार्यों के लिए साइकिल का ही उपयोग कर रहे हैं। उनके घर से भाजपा प्रदेश कार्यालय की दूरी लगभग 37 किलोमीटर है और वे प्रतिदिन करीब 70 से 80 किलोमीटर तक साइकिल चलाकर संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लेते हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी, पुरोला, टिहरी, कोटद्वार और चंपावत जैसे दूरस्थ क्षेत्रों की यात्राएं वे दोपहिया वाहन से करते हैं, ताकि चारपहिया वाहनों के उपयोग और ईंधन की खपत को कम किया जा सके।
प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने कहा कि साइकिल का उपयोग केवल ईंधन बचाने का माध्यम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, बेहतर स्वास्थ्य और यातायात के दबाव को कम करने की दिशा में भी एक प्रभावी पहल है। उनकी इस मुहिम से प्रेरित होकर कई युवाओं ने भी अपने दैनिक छोटे कार्यों के लिए साइकिल का इस्तेमाल शुरू किया है।
इसी क्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट आगमन पर नवीन ठाकुर साइकिल से ही वहां पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान और प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के आग्रह पर केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने नवीन ठाकुर के साथ उनकी साइकिल के पास फोटो खिंचवाया और उनके इस प्रयास की सराहना करते हुए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया।
नवीन ठाकुर ने इस प्रोत्साहन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा तथा सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि अधिक से अधिक लोग छोटी दूरी की यात्रा साइकिल से करना शुरू करें तो देश में ईंधन की बचत, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को एक साथ बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘ऊर्जा संरक्षण और राष्ट्रहित’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बताया।
