चम्पावत, 29 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में ₹123.79 करोड़ की लागत से तैयार एवं प्रस्तावित 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें ₹27.79 करोड़ की लागत से पूर्ण हुई आठ योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹96 करोड़ की लागत से नौ नई विकास योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ₹3.49 करोड़ की लागत से निर्मित जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने बस स्टेशन रोडवेज क्षेत्र में बनने वाले आधुनिक सिटी सेंटर के भूमि पूजन कार्यक्रम में भी प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को उत्तराखण्ड का मॉडल जनपद बनाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और चम्पावत शिक्षा, पर्यटन, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण, कृषि, व्यापार और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सड़कें और भवन बनाना नहीं, बल्कि ऐसा चम्पावत विकसित करना है, जहां युवाओं को अवसर, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि, व्यापारियों को नए अवसर और प्रत्येक नागरिक को विकास का समान लाभ मिल सके।

उन्होंने बताया कि चम्पावत नगर में लगभग ₹62.33 करोड़ की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) का निर्माण किया जाएगा, जिससे पार्किंग की समस्या दूर होने के साथ स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी। इसके साथ ही महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम और युवाओं के लिए विभिन्न सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगभग ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज तथा ₹58.52 करोड़ की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर की स्थापना की जा रही है। साथ ही कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं के विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र के अनुरूप मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के तहत मां पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां वाराही धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी और लगभग ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। वहीं लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक और पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र की स्थापना की दिशा में भी कार्य प्रगति पर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज लोकार्पित एवं शिलान्यास की गई परियोजनाएं विकसित चम्पावत की मजबूत नींव हैं, जो युवाओं के सपनों को नई उड़ान, महिलाओं को नई शक्ति, किसानों को समृद्धि, व्यापार को गति और पर्यटन को नई पहचान देंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में चम्पावत समावेशी, संतुलित और सतत विकास का आदर्श मॉडल बनेगा।
