दौसा (राजस्थान): राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई।
दौसा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पीयूष दीक्षित के अनुसार, हादसा रात करीब 2:30 बजे कोलवा थाना क्षेत्र के तनावड़ जीरो पॉइंट के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतकों में छह लोगों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि दो यात्रियों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया।
आग इतनी तेजी से कैसे फैली?
हादसे के बाद बस में आग बेहद तेजी से फैलने की वजह को लेकर कई तरह के दावे सामने आ रहे हैं। कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि बस की डिक्की में बड़ी मात्रा में सिगरेट के बॉक्स रखे हुए थे, जिसके कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। हालांकि, इस दावे की अभी तक प्रशासन या पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है।
राहत एवं बचाव कार्य
टक्कर के तुरंत बाद स्थानीय लोगों, पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। आग की लपटों के बीच फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को तत्काल दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की जांच शुरू
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों के साथ-साथ आग तेजी से फैलने की वजह और बस में कथित रूप से रखे गए सामान की भी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।
