अंबाला (हरियाणा): हरियाणा के अंबाला जिले के गांव धन्यौड़ा में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां 4 वर्षीय मासूम निर्भय खेलते-खेलते 220 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सेना और प्रशासन की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

जानकारी के अनुसार, मासूम निर्भय सुबह करीब साढ़े छह बजे अपने पिता, चाचा और चचेरे भाई के साथ खेतों में गया था। परिवार के लोग खेत के काम में व्यस्त थे, जबकि बच्चा आसपास खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक खुले पड़े बोरवेल में जा गिरा।

हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। मौके पर जिला प्रशासन, पुलिस और बचाव दल पहुंच गए। बच्चे की स्थिति पर नजर रखने के लिए बोरवेल में कैमरा डाला गया है। अधिकारियों के मुताबिक, बच्चे की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

रेस्क्यू अभियान को तेज करने के लिए सेना की मदद ली गई है। जिला उपायुक्त अजय तोमर भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य का जायजा लिया। प्रशासन का कहना है कि हर संभव प्रयास किया जा रहा है ताकि मासूम निर्भय को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

गौरतलब है कि हरियाणा में इससे पहले भी बोरवेल हादसे में मासूम प्रिंस के गिरने की घटना ने पूरे देश का ध्यान खींचा था। एक बार फिर इस तरह की घटना ने खुले बोरवेल की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार