गाजियाबाद | उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में NEET परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय छात्र ने कथित तौर पर अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। आत्महत्या से पहले छात्र ने एक भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने अपनी मानसिक स्थिति और परेशानियों का जिक्र किया है।
यह घटना विजयनगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, छात्र पिछले कई वर्षों से NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था। कई प्रयासों के बावजूद सफलता न मिलने के कारण वह मानसिक तनाव से गुजर रहा था।
बताया गया कि गुरुवार रात वह रोजाना की तरह पढ़ाई करने के लिए अपने कमरे में गया था। शुक्रवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को चिंता हुई। दरवाजा खोलकर देखने पर छात्र का शव कमरे में फंदे से लटका मिला।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने छात्र द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो को भी अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
