रांची। झारखंड सरकार के कृषि, उद्यान, सहकारिता एवं पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित झारखंड कृषि व्यापार मेला-2026 का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने कहा कि किसानों की तरक्की और समृद्धि से ही झारखंड का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने कहा कि कृषि व्यापार मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना तथा उनके उत्पादों के निर्यात और बाजारीकरण को बढ़ावा देना है।

मुख्यमंत्री ने किसानों को देश का अन्नदाता बताते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके आर्थिक और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास करेगी।

इस अवसर पर राज्य की कृषि मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि झारखंड कृषि, उद्यानिकी, सहकारिता और पशुपालन के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है। सरकार किसानों को आधुनिक तकनीकों और बेहतर सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी तथा राज्यसभा सांसद महुआ माजी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने कृषि क्षेत्र के विकास और किसानों की समृद्धि को राज्य की प्रगति के लिए आवश्यक बताया।

मेले और प्रदर्शनी के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एपीपी एग्रीगेट, खूंटी द्वारा लगाए गए मशरूम उत्पाद एवं प्रसंस्करण स्टॉल की विशेष सराहना की। मेले में कृषि यंत्र, फल-फूल, बागवानी, सब्जियां, मिलेट्स तथा अन्य कृषि उत्पादों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे, जिन्हें लोगों ने काफी पसंद किया।

मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने खरीदारी की और सेल्फी प्वाइंट पर भी उत्साहपूर्वक तस्वीरें खिंचवाईं। आदिवासी परिधानों में कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य-संगीत और ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।

By atmamanathan

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार