बरोटीवाला। राजपूत बंजारा समाज पछुवादून द्वारा परम पूज्य बाबा लक्खी शाह बंजारा जी की 448वीं जयंती राठौड़ पैलेस, बरोटीवाला में श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्धजन, मातृशक्ति एवं युवाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए बाबा लक्खी शाह बंजारा जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
मुख्य वक्ता एडवोकेट गुरुमेल सिंह राठौड़, जिला महामंत्री, भाजपा ओबीसी मोर्चा, देहरादून ग्रामीण ने कहा कि बाबा लक्खी शाह बंजारा जी का जीवन त्याग, साहस, सेवा, राष्ट्रभक्ति और धर्मरक्षा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सच्चे महापुरुष वे होते हैं, जो अपने स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज, राष्ट्र और मानवता की सेवा के लिए समर्पित रहते हैं। उन्होंने कहा कि महापुरुष केवल स्मरण और पूजन के लिए नहीं होते, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
उन्होंने युवाओं से अपने इतिहास, संस्कृति और महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि संस्कारित, शिक्षित और जागरूक युवा ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने शिक्षा को बढ़ावा देने, सामाजिक एकता को मजबूत करने, सेवा को जीवन का उद्देश्य बनाने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य देशराज राठौड़ ने समाज के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज की उन्नति और सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने प्रत्येक परिवार से अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने का आह्वान किया।
पूर्व अध्यापक भूम सिंह चौहान ने समाज की वंशावली और विभिन्न गोत्रों की जानकारी देते हुए समाज के गौरवशाली अतीत से सभी को परिचित कराया। वहीं पूर्व शिक्षक मामचंद राठौड़ ने आपसी प्रेम, भाईचारे और संगठन की भावना को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज को द्वेष, ईर्ष्या और बुराइयों का त्याग कर सदैव अच्छे संस्कारों और सद्गुणों को अपनाना चाहिए।
ग्राम पंचायत भीमावाला के प्रधान नितिन पवार ने कहा कि युवा शक्ति ही समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से समाज के प्रत्येक कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर गिरवर सिंह राठौड़ (पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य), राम प्रसाद राठौड़, किशोरी लाल चौहान, नरेंद्र राठौड़, कमल सिंह राठौड़, मनोज चौहान, भूपेंद्र राठौड़, विशाल सिंह राठौड़, रतन सिंह पवार, गोविंद सिंह राठौड़, अनिल कुमार चौहान, दिनेश राठौड़, मनोज राठौड़, रविकांत राठौड़, जयप्रकाश चौहान, प्रशांत राठौड़, अंकित पवार, जीवन सिंह राठौड़, मोनू पवार, महेंद्र सिंह राठौड़, योगेश राठौड़, हरीश राठौड़ सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति एवं युवा उपस्थित रहे।
