देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का देहरादून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना की जड़ बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान हुआ पुराना विवाद और आपसी रंजिश थी।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पांच अलग-अलग पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा पीड़ितों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद शनिवार को थानो रोड स्थित सोढा सरोली क्षेत्र से अरुण कुमार उर्फ छोटू, सन्नी कुमार और आदर्श सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, तीन जुलाई की रात करीब नौ बजे दिवाकर खंडूड़ी अपने साथियों नवीन राणा और रोहन कुमार के साथ रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर खड़े थे। इसी दौरान तीन-चार युवक वहां पहुंचे और दो राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से नवीन राणा के कंधे और वहां से गुजर रहे कमेन्द्र शर्मा के पैर में चोट आई। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पूछताछ में पता चला कि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और कमेन्द्र शर्मा के बीच बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों में लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। इसी पुरानी दुश्मनी के चलते देहरादून में फिर से दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद के दौरान फायरिंग हो गई।
पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और उसके अन्य साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। एसएसपी की रणनीति और त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने गंभीर घटना का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों पर शिकंजा कस दिया है।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार