देहरादून। भारतीय जनता पार्टी, देहरादून ग्रामीण ओबीसी मोर्चा के सुद्धोवाला मंडल में भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर शिक्षाविद् और राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर परिचय एवं स्वागत बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नव-नियुक्त मंडल पदाधिकारियों का स्वागत किया गया और संगठन की आगामी रणनीति एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों पर चर्चा की गई।


इस अवसर पर भाजपा ओबीसी मोर्चा देहरादून ग्रामीण के जिला महामंत्री एडवोकेट गुरुमेल सिंह राठौड़ ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग और बलिदान का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित किया और “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उद्घोष कर राष्ट्रीय एकीकरण की दिशा में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का सशक्त अभियान है। संगठन की ताकत उसके समर्पित, कर्मठ और अनुशासित कार्यकर्ताओं में निहित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और आगामी चुनावों में पार्टी की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा ओबीसी मोर्चा देहरादून ग्रामीण के जिलाध्यक्ष वीरता गुरुग ने सेवा पखवाड़ा और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।


जिला उपाध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी अनिल प्रसाद नौटियाल ने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। वहीं मंडल अध्यक्ष विनोद पाल ने नव-नियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में योगेश राठौड़, मनोज धीमान, एडवोकेट सुभाष चौधरी, विनोद छेत्री, विनोद भट्ट, उत्तम छेत्री सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार