निर्माण कार्यों, खरीद और सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोपों पर एडीएम/प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय देहरादून से मांगी जांच आख्या।

देहरादून। हरबर्टपुर नगर पालिका परिषद में निर्माण कार्यों, आवश्यक सामग्री की खरीद, वाहन ईंधन व मरम्मत, स्वच्छता सामग्री, विद्युत सामग्री, चूना खरीद, बायोवेस्ट डिकंपोजर, फॉगिंग कार्य समेत विभिन्न मदों में कथित वित्तीय अनियमितताओं और सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोपों की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

गढ़वाल मंडल के आयुक्त की ओर से अपर जिलाधिकारी/प्रभारी अधिकारी, स्थानीय निकाय, देहरादून को भेजे गए पत्र में मामले की जांच कर विस्तृत जांच आख्या उपलब्ध कराने को कहा गया है।

पत्र के अनुसार, नगर पालिका परिषद हरबर्टपुर के वार्ड संख्या-04 आसनबागा के सभासद विनोद कश्यप द्वारा 2 जून 2026 को शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में नगर पालिका के विभिन्न कार्यों एवं खरीद प्रक्रियाओं में वित्तीय अनियमितताओं तथा सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप लगाए गए हैं।

आयुक्त ने शिकायत की प्रति अग्रेषित करते हुए संबंधित अधिकारी से अपने स्तर पर जांच कर यथाशीघ्र विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार