विकासनगर: पूर्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा EMS कंपनी कार्यालय के घेराव और अल्टीमेटम के बाद कंपनी ने शहर में लंबित कार्यों पर कार्रवाई तेज कर दी है। हालांकि कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अब तक किए गए कार्य अपेक्षित स्तर के नहीं हैं और गुणवत्ता में सुधार की आवश्यकता है।

इसी क्रम में EMS कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी के.पी. सिंह, अभियंता देवेंद्र और अन्य अधिकारियों ने कांग्रेस प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गुरुद्वारा गली में चल रहे कार्यों का जायजा लिया गया तथा मुस्लिम बस्ती में व्याप्त अनियमितताओं का मौके पर निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि चिन्हित समस्याओं का समाधान अगले दो दिनों के भीतर कर दिया जाएगा।

इसके बाद टीम ने पालिका रोड, सैयद मार्ग, शहीद शिवलोक कॉलोनी, वार्ड नंबर-2, सिंगार कॉलोनी और आसपास की गलियों का निरीक्षण किया। इस दौरान ऊंचे-नीचे चैंबर, जलभराव और अन्य नागरिक समस्याओं की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया।

कांग्रेस नेता शम्मी प्रकाश ने कहा कि कंपनी को समय-समय पर कमियों से अवगत कराया गया है, लेकिन कार्यों की गति और गुणवत्ता अभी भी संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि शहर की जनता लंबे समय से परेशान है और अब किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयसीमा के भीतर सूचीबद्ध सभी कार्य पूरे नहीं किए गए तो कांग्रेस जनहित में आंदोलन के अगले चरण की घोषणा करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि समस्याओं के स्थायी समाधान तक कांग्रेस कार्यकर्ता कंपनी के कार्यों की लगातार निगरानी करते रहेंगे।

पूर्व सभासद राजेंद्र बिंजोला ने कहा कि कंपनी ने सूची के अनुसार कार्य शुरू तो कर दिया है, लेकिन अभी संतोष व्यक्त करने की स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता हर वार्ड और गली में चल रहे कार्यों पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कंपनी अधिकारियों के साथ कांग्रेस नेता शम्मी प्रकाश, पूर्व सभासद राजेंद्र बिंजोला, जिला महासचिव राजीव शर्मा, मीडिया प्रभारी हरीश ग्रोवर, जिला सचिव वैभव गुप्ता, रजत जैन सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार