चकराता। चकराता वन प्रभाग के कालसी उप प्रभागीय वनाधिकारी के नेतृत्व में सोमवार को वानिकी प्रशिक्षण केंद्र, रामपुर मंडी में वन महोत्सव पखवाड़े के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

उप प्रभागीय वनाधिकारी श्रीमती आरती मैठानी ने कहा कि हरित आवरण बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रभावी पहल है। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों का संरक्षण और उनका संवर्धन भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रशिक्षुओं ने पर्यावरण संरक्षण, पौधों की सुरक्षा और स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर वानिकी प्रशिक्षण केंद्र के अनुदेशक आनंद सिंह रावत, वन दरोगा गौतम क्षेत्री, वन बीट अधिकारी पूनम चौहान, वन आरक्षी सपना चौहान, वन आरक्षी शिवानी सहित प्रशिक्षण केंद्र के सभी प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार