विकासनगर। अयोध्या राम मंदिर तथा बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिरों में चढ़ावे और दान से जुड़े कथित अनियमितताओं के विरोध में बुधवार को विकासनगर शहर कांग्रेस कमेटी एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार की सद्बुद्धि के लिए प्रसिद्ध राम मंदिर, बाबूगढ़ में उपवास रखा। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हिंदू धर्म के प्रमुख मंदिरों में चढ़ावे और दान में कथित गड़बड़ियों की खबरें सामने आना अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि अयोध्या के नवनिर्मित राम मंदिर सहित बद्रीनाथ और केदारनाथ मंदिरों से जुड़े मामलों की उच्च स्तरीय जांच कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर ने कहा कि सरकार की मंशा स्पष्ट नहीं दिख रही है। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि यदि आधुनिक और हाईटेक व्यवस्था होने के बावजूद इस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं तो इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर दोष सिद्ध होता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
इस अवसर पर पीसीसी सदस्य संजय जैन, ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, पूर्व मंडी अध्यक्ष विपुल जैन, हरबर्टपुर अध्यक्ष आशीष पुंडीर, डाकपत्थर अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, जिला महामंत्री राजीव शर्मा, फुरकान अहमद, जिला पंचायत सदस्य पिंकी रोहिल्ला, नीरज रोहिल्ला, बीना चौहान, सुनीता बिष्ट, ममता रावत, सभासद सोनिया वर्मा, अर्चना नेगी, अशोक जागर, डिंपल, बलजीत सिंह, गौतम सिंह, सुभाष चंदेल, अजीत चौहान, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेंद्र रोहिल्ला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकास शर्मा ने किया।

