विकासनगर। जीवनगढ़ तृतीय से क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री रचिता ठाकुर के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने वार्ड नंबर-12 के आबादी क्षेत्र में संचालित सीमेंट टाइल फैक्ट्री के खिलाफ उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि आबादी के बीच संचालित फैक्ट्री के कारण स्थानीय लोगों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फैक्ट्री में कार्यरत मजदूरों द्वारा महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत भी की गई। इसके अलावा रातभर भारी वाहनों की आवाजाही से क्षेत्र के लोगों की नींद और सुरक्षा प्रभावित हो रही है।

क्षेत्रवासियों ने बताया कि जिस गली से स्कूली बच्चों का आवागमन होता है, वहां एक ओर दीवार होने के कारण भारी वाहनों के गुजरने पर बच्चों को दूसरी ओर खेतों में उतरकर निकलना पड़ता है। बरसात के मौसम में कई बार बच्चे खेतों में फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बुजुर्गों और महिलाओं को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

रचिता ठाकुर ने कहा कि आबादी क्षेत्र में इस प्रकार की औद्योगिक गतिविधियां आमजन के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। उन्होंने प्रशासन से जनहित को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।

उपजिलाधिकारी ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा आम जनता के हितों की रक्षा का आश्वासन दिया।

ज्ञापन सौंपने वालों में समाजसेवी बनारसी लाल, वर्तमान वार्ड सदस्य अमर कुमार, पूर्णिमा देवी, संगीता, अनीता, ब्रजमोहन, किशोर, करण सिंह, विक्रम, कुसुंबर, दयाराम सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार