जांच में आरोप सही पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने जारी किया आदेश, वार्ड-03 में जल्द होंगे उपचुनाव
विकासनगर, देहरादून: विकासखंड विकासनगर की ग्राम पंचायत बेरागीवाला के वार्ड-03 से निर्वाचित सदस्य फैजान अली को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) देहरादून ने पद से हटा दिया है। यह कार्रवाई नामांकन के दौरान तीसरे बच्चे की जानकारी छिपाने के आरोपों की जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद की गई है।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, ग्राम पंचायत बेरागीवाला निवासी विनोद कुमार की शिकायत पर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) से जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि फैजान अली ने पंचायत चुनाव के नामांकन पत्र में अपने केवल दो बच्चों का उल्लेख किया, जबकि उनके तीसरे पुत्र के संबंध में जन्म प्रमाणपत्र और अन्य अभिलेख उपलब्ध पाए गए।

आदेश में कहा गया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर फैजान अली को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण देने का अवसर दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद उत्तराखंड पंचायतीराज अधिनियम, 2016 (संशोधित-2021) के प्रावधानों के तहत उन्हें ग्राम पंचायत सदस्य पद से पदच्युत कर दिया गया।
सीडीओ ने अपने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि वार्ड-03 का पद रिक्त घोषित किया जाता है तथा रिक्त सीट पर उपचुनाव की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने की संभावना है।
